नियामताबाद। धपरी गांव में बाबा भुनेश्वरनाथ स्पोर्टिंग क्लब की ओर से आयोजित नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मंगलवार को खेला गया। इसमें नरैना ने सिकंदरपुर को हराकर ट्राॅफी कब्जा किया।
मुख्य अतिथि उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश मंत्री चंद्रेश्वर जायसवाल व उद्योग मंच के जिलाध्यक्ष गुरदीप सिंह ने विजेता व उपविजेता को ट्राॅफी प्रदान की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिकंदरपुर की टीम 57 रन पर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नरैना की टीम ने रोमांचक मुकाबले में चार गेंद शेष रहते दो विकेट से मैच जीतकर ट्राॅफी पर कब्जा किया। शानदार बल्लेबाजी के लिए गोकुल बिंद को मैन ऑफ द मैच व आलराउंड प्रदर्शन के लिए सूरज बिंद को मैन ऑफ द सिरीज का पुरस्कार दिया गया। निर्णायक की भूमिका में जितेंद्र साहनी व काजू बिंद रहे। आयोजक सुनील यादव, किशन सिंह, अर्जुन सिंह, ग्राम प्रधान संजय सोनकर ने अतिथियों का माल्यार्पण कर व स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। मुख्य अतिथि चंद्रेश्वर जायसवाल ने विजेता व उपविजेता टीम को ट्राॅफी प्रदान किया। आयोजक की ओर से विजेता टीम को 10 हजार रुपये व उपविजेता को 5000 रुपये नकद पुरस्कार दिए गए।