क्षेत्र के कसबढ़ डेहरियाडीह गांव स्थित मां दुर्गा बालिका इंटर कालेज केे
प्रांगण में शुक्रवार को नागा बाबा कमौली वाले का 81वां जन्मदिन धूमधाम से
मनाया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सरगुजा स्टेट के
महाराजा त्रिभुनेश्वर शरण सिंह जुदेव ने मां सरस्वती के चित्र पर
माल्यार्पण कर किया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत,
लोकगीत और शास्त्रीय संगीत की एक से बढ़कर एक प्रस्तुति ने दर्शकों को
प्रभावित किया।
कसवढ़ डेहरियाडीह पहुंचने पर सरगुजा नरेश का क्षेत्रीय
लोगों व विद्यालय परिवार द्वारा गाजेबाजे और फूलमालाओं से स्वागत किया
गया। इस अवसर पर नागा बाबा द्वारा मुख्य अतिथि को पगड़ी और तलवार भेंटकर
सम्मानित किया गया।
इससे पूर्व काशी से आए 11 आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चार
के साथ उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि इस क्षेत्र
के लोगों का सौभाग्य है कि वे काशी और नागा बाबा दोनों से जुड़े हुए हैं।
कहा कि काशी और नागा बाबा दोनों धर्म, वेद, ज्ञान और दर्शन के क्षेत्र में
पूरे विश्व में प्रसिद्ध हैं।
कहा कि हमें बच्चियों को शिक्षा और समानता का
अवसर प्रदान करने की आवश्यकता है।
ऐसा करके ही हमारा देश पूर्णरूप से
विकास की ओर अग्रसर हो सकता है। अंत में नागा बाबा ने आशीर्वचन दिया। इस
दौरान चंद्रमौली मुनि खड़ेश्वरी बाबा, महेश मुनि उदासीन, सतीश सिंह, हरीश
सिंह, चंद्रशेखर उपाध्याय, प्रदीप गुप्ता, विजय जायसवाल, हंसराज सिंह आदि
मौजूद रहे।