वाराणसी से चंदौली को जोड़ने वाले 27 किलोमीटर लंबे रिंग रोड का निर्माण कराया गया है। अलीनगर-सकलडीहा के व्यस्ततम मार्ग पर ककरही खुर्द गांव के पास रिंग रोड को जोड़ने वाले सर्विस रोड को बंद कर दिया गया है।
शिकायत पर बुधवार को सपा सांसद वीरेंद्र सिंह और विधायक प्रभुनारायण यादव ने मौके पर पहुंचकर एनएचआई के अधिकारियों से वार्ता कर समस्या को दूर करवाने को कहा।
अलीनगर-सकलडीहा मार्ग से प्रतिदिन धानापुर, कमालपुर, चहनिया, सकलडीहा, बलुआ सहित गाजीपुर और वाराणसी के लोग आवागमन करते हैं। सकलडीहा तहसील और ब्लॉक मुख्यालय को भी जोड़ने का यह मुख्य मार्ग है।
इस पर से प्रतिदिन हजारों की संख्या में राहगीर आवागमन करते हैं लेकिन ककरही खुर्द गांव के समीप रिंग रोड को जोड़ने वाला सर्विस रोड को बंद कर दिया गया है। इससे राहगीरों को लगभग डेढ़ किलोमीटर दूरी तय कर कोरी से होकर रिंग रोड पर जाना पड़ता है।
वहीं खेती-किसानी में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसकी शिकायत पर बुधवार को सांसद वीरेंद्र सिंह और सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण यादव ने विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर हिदायत दी कि शीघ्र इस समस्या को दूर नहीं किया गया तो वे आंदोलन करेंगे।
इस मौके पर उमाशंकर ड्राइवर, रविशंकर यादव, जसवंत चौहान, लाबी पाल, घरभरन यादव, वीरेंद्र चौहान, राजेंद्र चौहान आदि रहे।