यात्रियों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए उपभोक्ता पखवारे के तहत शनिवार की शाम लगभग सात बजे गांधी पार्क के समीप जलबूथ का उद्घाटन सांसद डा. महेन्द्र नाथ पांडेय ने टैब दबाकर किया।
अपने संबोधन में सांसद ने कहा कि रेलवे एक ऐसा संसाधन है जिसके विकास से जनता सीधे लाभान्वित होती है। वहीं जनप्रतिनिधियों का यह सरोकार है जनता की सुविधाओं के विकास के लिए सतत प्रयास करे। कहा कि शीघ्र ही मुगलसराय से लखनऊ के लिए एकात्मकता या पंडिल दीन दयाल उपाध्याय एक्सप्रेस ट्रेन चलायी जायेगी। जिसके बाद यह प्रयास रहेगा कि मुगलसराय से दिल्ली तक के लिए ट्रेन चलायी जाये। उन्होंने बताया कि यह प्रयास किया जा रहा है कि मुगलसराय यार्ड में एक विशेष ट्रैक निर्धारित किया जाये जिससे खाद का रैक सीधे यहा उतरे और धान के कटोरे के किसानों को खाद के लिए मारामारी न करना पड़े।
डा पांडेय ने चंदौली और सैयदराजा में एफओबी को बनाये जाने के संबंध में कहा केन्दांश तो मिल जायेगा लेकिन राज्यांश मिलने में कठिनाई आ रही है। इस अवसर पर डीआरएम विद्याभूषण, एडीआरएम बीआर विप्लवी, सीनियर डीसीएम आशीष कुमार झा, सीनियर डीओएम आधार राज, सीनियर डीएससी रमेश चन्द्र आदि रेल अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।