पीडीडीयू नगर। शारदीय नवरात्र के चौथे दिन बुधवार को माता के चौथे स्वरूप मां कूष्मांडा की पूजा अर्चना की गई। माता कूष्मांडा के दर्शन पूजन के लिए देवी मंदिरों में भक्त उमड़े रहे। देवी मंदिर माता के जयकारे से गुंजायमान रहा। इस मौके पर देवी मंदिरों को भव्य तरीके से विद्युत झालरों से सजाया गया था। वहीं पंडालों के निर्माण में भी तेजी आ गई है।
नगर के जीटी रोड स्थित प्राचीन मां काली मंदिर, जीटी रोड स्थित दुर्गा मंदिर, शीतला माता मंदिर, रविनगर, नई बस्ती, कैलाशपुरी, शाहकुटी, कैथापुर, परशुरामपुर, अमोघपुर, गल्ला मंडी, एलबीएस कटरा स्थित संकट हरण दरबार सहित अन्य देवी मंदिरों पर सूर्याेदय के पहले से ही भक्त पहुंच गए। इसी तरह रेलवे के आरपीएफ कॉलोनी स्थित काली मंदिर, गया कॉलोनी, प्लांट डिपो, डीजल कॉलोनी, लोको कॉलोनी, यूरोपियन कॉलोनी सहित अन्य रेलवे कॉलोनियों के मंदिरों पर भी भक्तों ने पहुंच कर माता कुष्मांडा की पूजा अर्चना की। घरों में भी स्थापित कलश में माता के चौथे स्वरूप मां कुष्मांडा का आह्वान कर पूजा अर्चना की।
मां सिद्धिदात्रि भवन में लग रहे माता के जयकारे
पीडीडीयू नगर। नगर के सुभाष नगर में स्थित मां सिद्धिदात्रि भवन नवरात्र में माता के जयकारे से गुंजायमान हो रहा है। यहां दर्शन पूजन के लिए भक्तों की कतार लग रही है। शारदीय नवरात्र के चौथे दिन माता कूष्मांडा की यहां विधि विधान से पूजा अर्चना की गई। वहीं महिलाओं ने यहां देवी गीत सुनाए। देवी उपासक प्रमिला मिश्र और संजय मिश्र ने बताया कि मां आदि शक्ति की पूजा अत्यंत फलदायी है। शारदीय नवरात्र में माता की पूजा सभी को करनी चाहिए। मां सिद्धिदात्रि के दर्शन पूजन के लिए भकतों की कतार लग रही है। पूजन अर्चन और देवी जागरण में रंजीत शर्मा, डॉ. प्रतिभा मिश्र, स्तुति पांडेय, मंजीत मिश्र, शिखा सिंह, पूजा राय, जाह्नवी आदि रहे।
देवी मंदिरों में मां कुष्मांडा की हुई पूजा
चकिया/ शिकारगंज। शारदीय नवरात्र के चौथे दिन बुधवार को देवी के दर्शन पूजन के लिए क्षेत्र के देवी मंदिरों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। चकिया नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित मां काली मंदिर पूर्वी बाजार में स्थित मां दुर्गा मंदिर कालिका धाम में स्थित मां दुर्गा मंदिर, सिकंदरपुर स्थित मां कोट भवानी मंदिर, मगरौर स्थित मंगला गौरी मंदिर, भीषमपुर स्थित मां वन देवी मंदिर, जागेश्वरनाथ धाम स्थित मां दुर्गा मंदिर, नगर के चौक स्थित झंडा माता मंदिर पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।
मां कूष्मांडा की झांकी दर्शन को उमड़े भक्त
सकलडीहा। कस्बा के प्राचीन दुर्गा मंदिर पर शारदीय नवरात्र के चौथे दिन मां कूष्मांडा की झांकी दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देर शाम मंदिर का पट खुलते ही दर्शनार्थी और व्रती महिलाओं ने मां का जयकारा लगाते हुए दर्शन पूजन किया। एसडीएम मनोज पाठक और सीओ राजेश कुमार राय ने दर्शन पूजन किया।
कस्बा के टिमिलपुर स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर पर वर्षों से शारदीय नवरात्र में धूमधाम से मां की नौ रूपों की झांकी सजायी जाती है। झांकी का दर्शन करने के लिये कस्बा सहित टिमिलपुर, नागेपुर, तेन्दुई, ताजपुर, पदुमनाथपुर, ईटवा, सिरोहुपुर, दुर्गापुर सहित विभिन्न गांव की महिलाएं व ग्रामीण दर्शन पूजन के लिये आते हैं। बुधवार को यहां मां कुष्मांडा देवी की झांकी सजाई। इसी तरह सम्मे माता मंदिर के साथ सकलडीहा में काली मंदिर, चौरसिया गली में दुर्गा मंदिर में महिलाएं दर्शन पूजन के लिए जुटी।
महिलाएं मां काली के नाम पर देती हैं जल
कमालपुर। क्षेत्र के गौसपुर मड़ैया गांव सभा में नवरात्रि के पहले दिन से महिलाएं काली मां के नाम पर जल दे रहीं है। यह चार दिन चार दिशाओं में देना होता है। इसके बाद तीन दिन काली मां के मंदिर पर जल देंगे। महिलाओं ने बताया कि पहले दिन गांव के पूरब दिशा में, दूसरे दिन गांव के उत्तर दिशा में, तीसरे दिन गांव के पश्चिम दिशा में दिया गया। गांव के डीह को भी जल दिया गया। बुधवार को दक्षिण दिशा में जल दिया गया। बृहस्पतिवार से काली मां के मंदिर में तीन दिन जल दिया जाएगा। गांव के पीयूष विश्वकर्मा का कहना है कि ऐसा करने गांव में किसी प्रकार की बीमारी नहीं होती है।