वाराणसी-मिर्जापुर मार्ग पर अनियंत्रित ट्रेलर की चपेट में आने से शनिवार सुबह सड़क हादसे में मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
जिले के नेगुरा गांव निवासी विजय सिंह की पत्नी रुची सिंह (39) अपने छोटे बेटे कुलदीप सिंह (18) के साथ अदलहाट थाना क्षेत्र के घरवासपुर जाने के लिए सिकिया मोड़ पर खड़ी थीं।
इसी दौरान वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रहा तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। इससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। रुची सिंह का बड़ा बेटा आदित्य बाहर रहकर काम करता है। छोटा बेटा कुलदीप इंटरमीडिएट का छात्र था।
पति विजय मुंबई में नौकरी करते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही वे मुंबई से घर के लिए रवाना हो गए।