पीडीडीयू नगर। प्रयागराज महाकुंभ में महाशिवरात्रि पर आखिरी स्नान के बाद बुधवार को पीडीडीयू जंक्शन पर पलट प्रवाह का असर दिखा। प्रयागराज से स्नान कर लौटने वालों से स्टेशन पटा रहा। शाम छह बजे तक प्रयागराज से एक लाख से ज्यादा श्रद्धालु लौटे। रेलवे प्रशासन के मुताबिक मंगलवार की रात दो लाख से ज्यादा श्रद्धालु स्पेशल ट्रेनों से प्रयागराज महाकुंभ में स्नान के लिए रवाना हुए थे।
मंगलवार की शाम से बुधवार को दोपहर बाद तक रेल प्रशासन की तरफ से अप और डाउनलाइन पर 56 स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं। इससे पहले मंगलवार को पूरी रात और बुधवार को सुबह तक प्रयागराज जाने वाले यात्रियों का स्टेशन पर रेला लगा रहा। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की ओर से नियमित ट्रेनों के साथ ही 29 स्पेशल ट्रेनें प्रयागराज भेजी गईं। इसमें पटना और गया से चलाई गईं स्पेशल ट्रेनें भी शामिल हैं। मंगलवार की शाम से बुधवार की सुबह तक दो लाख से ज्यादा लोग प्रयागराज महाकुंभ स्नान के लिए रवाना हुए। बुधवार को दोपहर 12 बजे के बाद प्रयागराज से आने वाली ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ रही। प्रयागराज से बुधवार को अपराह्न तीन बजे तक कुल 23 स्पेशल ट्रेनें आईं। वहीं बनारस की तरफ से चार ट्रेनें पीडीडीयू जंक्शन पहुंचीं। दिन में पीडीडीयू जंक्शन के विभिन्न प्लेटफाॅर्मों पर एक लाख से ज्यादा लोगों की भीड़ रही। प्लेटफाॅर्म के बाहर भी भीड़ रही। हालांकि प्लेटफाॅर्म पर भी पैर रखने की जगह नहीं रही। जैसे-जैसे शाम हो रही थी, प्लेटफार्म पर यात्रियों की भीड़ बढ़ती जा रही थी। रेलवे स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन के लिए स्टेशन अधीक्षक एसके सिंह, सीएसजी एनके मिश्र, आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अक्षय कुमार, अभिषेक यादव के साथ कोरस कमांडो, जीआरपी, विभिन्न थानों की पुलिस के साथ स्काउट गाइड की टीमें लगी रहीं। वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त जेतिन बी राज के साथ डीआरएम राजेश गुप्ता भी अपने कार्यालय से मंडल स्तरीय अधिकारियों के साथ भीड़ की स्थिति की निगरानी करते रहे।