चंदौली। मुख्यालय स्थित पं. कमलापति संयुक्त जिला चिकित्सालय में स्थित औषधि केंद्र में 10 से ज्यादा महत्वपूर्ण दवाएं दो महीने से नहीं हैं। दवाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों को बाहर से दवा खरीदनी पड़ रही है।
पं. कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय में इन दिनों प्रतिदिन करीब 1200 मरीज ओपीडी में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। ओपीडी में चिकित्सक की ओर से दवा लिख दी जा रही है, लेकिन 10 से ज्यादा ऐसी दवाएं हैं जो दो महीने से अस्पताल में नहीं मिल रही है। मानसिक रोग की दवा रिस्पेरिडो, यूटिया पाइन, एसिकलोप्राइम, क्यूटियापाइन, दर्द की मलहम डाइक्लोफिनेक सहित 10 दवाएं नहीं मिल रही हैं। सूत्रों का कहना है कि मार्च में क्लोजिंग माह होने के कारण दवाओं की सप्लाई रुक गई है। दवा सप्लायर एजेंसी का बकाया होने के कारण दवाएं नहीं मिल पा रही हैं। अगर यही स्थिति रही तो आगे चलकर स्थिति और खराब हो सकती है। पं. कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय के सीएमएस डाॅ. सत्य प्रकाश का कहना है कि जिला अस्पताल केंद्र के लिए दवाओं की डिमांड भेडी गई है। उम्मीद है कि जल्दी ही दवाएं उपलब्ध हो जाएंगी।