पीडीडीयू नगर। नौगढ़ थाना क्षेत्र के दिलबगरा पहाड़ी के पीछे चंद्रप्रभा जलाशय की तलहटी में चीनी नागरिक के पहुंचने के मामले में खुफिया तंत्र के कान खड़े कर दिए हैं। सूत्र बताते हैं कि विभाग चीनी नागरिक के वहां तक पहुंचने के मामले की तह तक जाने में जुट गए हैं। पुलिस ने उसके भटकर वहां पहुंचने की थ्योरी को भले ही स्वीकार कर लिया हो, लेकिन यह सच्चाई खुफिया तंत्र के गले के नीचे नहीं उतर रही है। सवाल इस बात का है कि तकनीकी युग में जब हर मोबाइल में जीपीएस की सुविधा उपलब्ध है तो ऐसे में कोई भटक कर शहर से इतनी दूर कैसे पहुंच सकता है। यह मामला तब और अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है, जब वहां सीआरपीएफ कैंप भी मौजूद है। कारण कि वहां हिनौतघाट कांड जैसी घटना पहले हो चुकी है।
पीडीडीयू नगर से 50 किलोमीटर से अधिक दूर नौगढ़ थाना क्षेत्र के दिलबगरा पहाड़ी के पीछे चंद्रप्रभा जलाशय की तलहटी में चीनी नागरिक सावो लियांगवो(26) के भटक कर पहुंचने की बात खुफिया तंत्र को हजम नहीं हो पा रही।
विभाग के लोग उसके वहां तक पहुंचने की थ्योरी को खंगालने में जुट गए है। उसके पास से दिल्ली रजिस्ट्रेशन नंबर की एक मोटर साइकिल भी मिली थी। अब वह मोटर साइकिल दिल्ली में किसकी है, किन शर्तों पर विदेशी नागरिक को दी गई आदि सभी सवालों के जवाब ढूंढे जाएंगे। बता दें कि सीओ नौगढ़ जगत राम कन्नौजिया ने बुधवार की रात गश्त के दौरान चंद्रप्रभा की तलहटी में आसमानी रंग की छतरी में लैंप की रोशनी देखने के बाद वहां पहुंचे थे। उस दौरान वह वहां नागरिक सहमा हुआ बैठा था। बाद में थाने लाकर उससे पूछताछ की गई थी।