पीडीडीयू नगर। पश्चिम बंगाल से गायब किशोरी को आरपीएफ की टीम ने मंगलवार को सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस में पकड़ा। किशोरी के साथ एक किशोर को भी पकड़ा गया है। दोनों को चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया गया। इसकी सूचना पश्चिम बंगाल पुलिस को भी दी गई है। आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि टीम के आने पर किशोर और किशोरी को उनके हवाले किया जाएगा।
आरपीएफ स्टेशन पोस्ट के निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले की पुलिस ने आरपीएफ को सूचना दी कि एक किशोरी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है। वह किशोरी ट्रेन नंबर 12987 अप सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस में सवार है। ट्रेन पीडीडीयू जंक्शन पहुंचने वाली है। इस सूचना के बाद आरपीएफ टीम सक्रिय हो गई। ट्रेन के पीडीडीयू जंक्शन पर पहुंचते ही आरपीएफ की महिला एसआई अर्चना कुमारी मीना और एएसआई जेएन की टीम ने तलाशी शुरू कर दी। इस बीच ट्रेन के जनरल कोच में एक किशोर और किशोरी पकड़े गए। दोनों को आरपीएफ पोस्ट पर लाकर काउंसिलिंग की गई। यहां दोनों ने बताया कि वे घर से बिना बताए निकले हैं।