इलिया। ग्राम पंचायत बेन के शिवपुर गांव में मंगलवार की शाम घर से लापता हुए आठ वर्षीय बालक का शव बुधवार की सुबह घर से 500 मीटर दूर स्थित कुएं में पानी में उतराया मिला। इकलौते पुत्र की मौत से मां रोते-बिलखते हुए अचेत हो जा रही हैं।
गांव निवासी सरोज कुमार का पुत्र आरुष (8) मंगलवार की शाम पांच बजे घर लापता हो गया था। काफी देर तक तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। सूचना पर पुलिस भी तलाश में जुटी रही। बुधवार की सुबह लोग उसकी तलाश में निकले तो उसका शव कुएं के पानी में उतराया मिला। मुंबई के एक फैक्ट्री में मजदूरी करने गए पिता सरोज कुमार भी पुत्र की मौत की खबर सुनते ही वहां से गांव के लिए चल दिए हैं। थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने बताया कि बालक की मौत के मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।