नियामताबाद विकास खंड के एकौनी सैदपुरा माइनर की साफ सफाई न होने से नाराज होकर रविवार की शाम किसानों ने सिंचाई विभाग के खिलाफ घंटे भर प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही माइनर की साफ सफाई कराकर पानी नहीं उपलब्ध कराया तो उग्र आंदोलन किया।
एकौनी सैदपुरा माइनर से एकौनी, सैदपुरा के साथ आधा दर्जन अन्य गांवों के सैकड़ो एकड़ खेतों की सिंचाई होती है। वर्तमान में धान की नर्सरी डालने का वक्त बीतने को है लेकिन नहर में पानी नहीं आया है। ग्रामीणों की माने तो वर्षों से मानइर की साफ सफाई नहीं हुई है। इस वजह से नहर झाड़ झंखाड़ से पट गया है। यही नहीं देख भाल के अभाव में जगह जगह माइनर क्षतिग्रस्त भी हो गया है। यही कारण है कि माइनर के टेल तक पानी नहीं पहुंच पाता है। वर्तमान में बारिश न होने की वजह से धान की नर्सरी डालने के लिए किसान माइनर में पानी आने की राह देख रहे हैं लेकिन विभागीय लापरवाही की वजह से अब तक पानी नहीं आ सका है। इससे धान की नर्सरी डालने में देरी होने की आशंका है। इससे खेती पिछड़ेगी और किसानों का नुकसान होगा। प्रदर्शन करने वालों में ग्राम प्रधान आनंद यादव, बिनोद पटेल, राजकुमार पटेल, गनेश चौहान,श्रीप्रकाश यादव , कन्हैयालाल वेनवंशी,दुलारे यादव, विष्णु यादव,संतोष यादव, सलीम अली, भरत आदि रहे।