सैंपल लेते खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम के सदस्य।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गुरुवार को इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एमपी बिस्कुट फैक्ट्री एवं पराग डेयरी समेत विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान बिस्कुट एवं पैकेट बंद दूध समेत अन्य सामानों का सैंपल लिया। दूध एकत्र करने के लिए बनाये गये दो स्थानों की जांच की। दोनों संचालकों के पास लाईसेंस नहीं था।
जिलाधिकारी कुमार प्रशांत के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन चंदौली की सात सदस्यीय टीम ने सबसे पहले इंडस्ट्रियल एरिया फेज वन स्थित एमपी बिस्कुट फैक्ट्री में छापेमारी की। इस दौरान यहां बिस्कुट बनाने में इस्तेमाल होने वाला मैदा, बिस्कुट के बनाये जाने के लिए तैयार किया गया कच्चा माल एवं पारले बिस्कुट का सील पैकेट बतौर सैंपल लिया। विभाग के अधिकारियों द्वारा की गयी छापेमारी से फैैक्ट्री के अधिकारियों में हड़कंप मचा रहा। इसके बाद टीम पराग डेयरी पहुंची जहां आवश्यक जांच पड़ताल के बाद बाजार में सप्लाई होने वाले पैकेट बंद दूध का सैंपल लिया और सीज कर उसे अपने साथ ले गयी। टीम ने दूध कलेक्शन का कार्य करने वाले श्याम डेयरी से भी दूध का सैंपल लिया बाद में ज्ञान दूध कलेक्शन सेंटर पहुंची लेकिन उचित मात्रा में दूध न होने के कारण वहां सैंपल नहीं मिल पाया। हालांकि दोनों कलेक्शन सेंटर के पास लाईसेंस न होने की बात भी सामने आयी। अभिहीत अधिकारी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि फैक्ट्रियों से लिये गये सैंपल को जांच के लिए लैब में भेजा जायेगा। कहा कि आगे भी छापे जारी रहेगे। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव मिश्र एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी धीरज कुमार, ज्ञान प्रकाश, रमेश, नेहा त्रिपाठी, विनय शाही शामिल रहे।