कलेक्ट्रेट में डीएम को पत्रक सौंपते सपा प्रतिनिधि मंडल के सदस्य। स्रोत:-जागरूक पाठक
मुगलसराय बाजार में रोड चौड़ीकरण के दौरान दुकानों और मकानों के क्षतिग्रस्त होने के मामले ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है। समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर प्रभावित व्यापारियों के पक्ष में ज्ञापन सौंपा और उनकी समस्याओं के समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि जिन व्यापारियों की दुकानें पूरी तरह से तोड़ी गई हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निर्माणाधीन कांप्लेक्स में दुकानें आवंटित की जाएं। वहीं जिनकी दुकानें आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई हैं या पूरी तरह ध्वस्त कर दी गई हैं, उन्हें जनहित को ध्यान में रखते हुए उचित मुआवजा दिया जाए।
सपा नेताओं ने कहा कि बिना समुचित पुनर्वास और मुआवजे के इस तरह की कार्रवाई से व्यापारियों और उनके परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि प्रभावित लोगों के हितों की अनदेखी न की जाए और उन्हें हर संभव सहायता दी जाए।
नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री ने मुगलसराय में एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाने की घोषणा की थी लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई। उनका कहना था कि यदि फ्लाईओवर का निर्माण हो जाता, तो सैकड़ों दुकानों को टूटने से बचाया जा सकता था।
इस दौरान चंद्रशेखर यादव, जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, विधायक प्रभु नारायण यादव, व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष अमरनाथ जायसवाल ‘मोनू’, जिला महासचिव नफीस अहमद गुड्डू मौजूद रहे।