पीडीडीयू नगर। इंडियन इंस्टीट्यूट खेल मैदान में आयोजित 68वीं माध्यमिक विद्यालयीय प्रादेशिक तीरंदाजी प्रतियोगिता में मेरठ ओवरआल चैंपियन रहा। मेरठ ने 20 गोल्ड, 11 सिल्वर, सात ब्रांज मेडल जीतकर पहले स्थान पर रहा। वहीं, 12 गोल्ड, नौ सिल्वर और सात ब्रांज के साथ आगरा दूसरे, आठ गोल्ड, 19 सिल्वर और 12 ब्रांज मेडल जीतकर विंध्याचल मंडल तीसरे स्थान पर रहा। आठ गोल्ड, नौ सिल्वर और 12 ब्रांज मेडल पाकर वाराणसी मंडल चौथे स्थान पर रहा। रविवार को विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन रविवार को अंडर-14 बालक और बालिका वर्ग के लिए कंपाउंड राउंड की प्रतिस्पर्धा हुई। बालक वर्ग में सहारनपुर के अभिमन्यु 423 अंकों के साथ प्रथम और वाराणसी के मो. आतीफ ने दूसरा स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में 685 अंक पाकर मुरादाबाद की निष्ठा गुप्ता ने बाजी मारी। आगरा की नव्या सैनी 511 अंकों के साथ दूसरे और अनन्या पुंदिर 461 अंक पाकर तीसरे स्थान पर रही।
मुख्य अतिथि भदोही के भाजपा सांसद डॉ. विनोद बिंद और डीआईओएस दलसिंगार यादव ने विजेता टीम को ट्राफी सौंपी। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने कहा कि चाहे आपने पदक जीता हो या नहीं, आप सभी विजेता हैं। खेल में सक्रिय रहने से तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। प्रतियोगिता में 17 मंडलों के 297 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान मंडलीय क्रीड़ा सचिव राकेश सिंह, जनपदीय क्रीड़ा सचिव महेंद्र कुमार, डीके सिंह, समृद्धि श्रीवास्तव, खेल शिक्षक रोहित सिंह, गजेंद्र पांडेय, गजेंद्र राणा आदि मौजूद रहे।
माध्यमिक विद्यालयी प्रादेशिक तीरंदाजी प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहे वाराणसी मंडल को चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा। पिछली चार प्रतियोगिताओं में अव्वल रहने वाले वाराणसी मंडल के 35 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर आठ गोल्ड, नौ सिल्वर और 12 ब्रांज मेडल हासिल किए।
सहारनपुर ने चार गोल्ड, तीन सिल्वर आठ ब्रांज मेडल जीते। मुरादाबाद ने तीन गोड, तीन सिल्वर, गोरखपुर ने तीन गोल्ड, अयोध्या ने दो गोल्ड, एक सिल्वर, बरेली एक सिल्वर, दो ब्रांज, कानपुर तीन ब्रांज और बस्ती को एक ब्रांज मेडल से संतोष करना पड़ा। तीरंदाजी प्रतियोगिता में अलीगढ़, आजमगढ़, देवीपटन, झांसी, लखनऊ और प्रयागराज मंडल का खाता तक नहीं खुला।