मुख्यमंत्री के स्वागत के दौरान सैयदराजा के विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज बनेगा, इससे बड़ी सौगात पूरे जिले के लिए कुछ नहीं हो सकती है। कहा कि वह मुख्यमंत्री के ऋणी हैं कि उन्होंने ऐसा किया। सुशील सिंह ने कहा कि माधोपुर में सब्जी अनुसंधान केंद्र बन जाता तो किसानों को राहत मिलती। चकिया विधायक शारदा प्रसाद ने जिले में कल-कारखाने लगाने की मांग की।
18 महीने में तैयार हो जाएगा मेडिकल कॉलेज
वित्त और चिकित्सा मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि चंदौली में पांच नवंबर 2022 तक मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हो जाएगा। 18 महीने के अंदर इसका निर्माण पूरा करना है। बताया कि गाजीपुर, देवरिया, कानपुर आदि जिलों में भी मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं।
मेडिकल कालेज का शिलान्यास कर सीएम योगी आदित्यनाथ जैसे ही सभास्थल पर पहुंचे, स्थानीय नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। सबसे पहले जिले के सांसद और केंद्रीय कैबिनेट मंत्री डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने अंगवस्त्रम और स्मृति चिह्न देकर सीएम का चंदौली की धरती पर स्वागत किया। इसी क्रम में मंच पर मौजूद प्रभारी मंत्री रमाशंकर सिंह पटेल का भी नाम पुकारा गया। ऊर्जा राज्य मंत्री जैसे ही अंगवस्त्र देने के लिए आगे बढ़े, सीएम ने उन्हें रोक दिया और इशारे से वापस जाने को कह दिया। सीएम का इशारा देखते ही सुरक्षाकर्मियों ने भी प्रभारी मंत्री को पीछे हटने को कहा। इसके बाद मंत्री वापस चले गए।
मुख्यमंत्री के एहसान को नहीं भूलेगा चंदौली
भारतीय जनता पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ.कृष्णा नंद पाण्डेय ने कहा कि एक चिकित्सक होने के नाते वह मेडिकल कॉलेज का महत्व समझ रहे हैं। चंदौली की जनता को अब बीएचयू, लखनऊ और दिल्ली के चक्कर नहीं काटने होंगे। मेेडिकल कॉलेज बन जाने के बाद उन्हें जिले में ही राष्ट्रीय स्तर की स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह एहसान चंदौली की जनता कभी नहीं भूलेगी। डॉ. के.ए. पांडेय ने कहा कि 2022 में दोबारा योगी सरकार को ही जनता चुनेगी, यह स्पष्ट हो गया है।