कंट्रोल रूम से रखी जा रही है निगाह
पीडीडीयू नगर। पीडीडीयू जंक्शन पर यात्रियों के भीड़ पर निगाह रखने के लिए स्टेशन निदेशक के रूम को कंट्रोल रूम में तब्दील कर दिया गया है। यहां चौबीस घंटे के लिए मंडल स्तरीय एक अधिकारी की ड्यूटी लगाई है।
यहीं नहीं यहां सुरक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता विभाग की टीम को तैनात किया गया है। इस संबंध में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जेतिन बी राज ने कहा कि स्टेशन पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
मुख्य गेट पर बनाया गया यात्री हेल्प डेस्क
पीडीडीयू नगर। महाकुंभ में पीडीडीयू जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पीडीडीयू जंक्शन के मुख्य गेट पर ही यात्री सहायता केंद्र की स्थापना की गई है। यहां आरपीएफ, जीआरपी के अधिकारियों के साथ ही वाणिज्य विभाग के अधिकारियों की टीम लगाई गई है। यहां टीटीई यात्रियों को सही जानकारी दे रहे हैं। वहीं यहां कुंभ स्पेशल ट्रेनों की टाइमिंग बताई जा रही है।
पैरामिलिट्री फोर्स ने संभाली है पीडीडीयू जंक्शन पर सुरक्षा की कमान
महाकुंभ में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पीडीडीयू जंक्शन पर सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के लिए यहां तैनात आरपीएफ, जीआरपी के साथ ही अतिरिक्त में एक एसआई, 50 हेड कांस्टेबल, 60 होमगार्ड और एक प्लाटून पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई है।
आरपीएसएफ की एक टूकड़ी यहां तैनात की गई है। यही नहीं रेलवे स्टेशन के फुटओवर ब्रिज पर बैरिकेडिंग लगाई गई है। वहीं स्टेशन का चप्पा चप्पा सीसीटीवी कैमरे के निगाह में है। वहीं स्काउट गाइड की टीम भी यात्रियों की सहायता में जुटी हैं।