पड़ाव। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जलीलपुर गांव में जीटी रोड किनारे एक कटरा स्थित पुराने टायर की दुकान में बुधवार को आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान दुकान में रखे पुराने टायर जलकर राख हो गये।
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पड़ाव-पीडीडीयू नगर मार्ग पर स्थित एक कटरे में बहादुरपुर निवासी नसीम खान की दुकान है। जिसमें वह पुराने टायर रखते हैं। बुधवार की दोपहर लगभग एक बजे नसीम दुकान के सामने एक नीम के पेड़ के नीचे बैठा हुआ था कि उस दौरान शार्ट सर्किट होने से दुकान में आग लग गई। दुुकान में रखे पुराने टायर धू-धू करके जलने लगे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इस दौरान वहां लोगों की भीड़ लग गई। पड़ाव ट्रक एंड ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष व भाजपा के वरिष्ठ नेता अनील गुप्ता गुड्डू ने फायर ब्रिगेड को फोन से इसकी सूचना दी। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर आग बुझाने के लिए पहुंची। जहां कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने आग पर काबू पाया। पीड़ित के अनुसार आग में उसका काफी नुकसान हो गया है।