पीडीडीयू नगर। जनपद में छुट्टा पशु लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। न केवल ग्रामीण बल्कि नगरी क्षेत्र में भी सड़कों व गलियों में विचरण करते छुट्टा पशु दुर्घटना की वजह बन रहे हैं। डीएम के आदेश के बाद भी छुट्टा पशुओं को पकड़कर गौ आश्रय केंद्रों में रखने को लेकर जिम्मेदार लापरवाह बने हुए हैं। नगर की सड़क पर छुट्टा पशुओं के बैठे रहने से आए दिन जाम लगता है। इनकी भाग-दौड़ से अक्सर दुर्घटना होती रहती है। बावजूद इसके सड़क पर बैठने वाले पशुओं के लिए न तो पालिका प्रशासन कार्रवाई कर रही है और न ही जिला प्रशासन की ओर से कोई कदम उठाया जा रहा है। नगर की आबादी करीब दो लाख है। जिले में एक मात्र नगर होने की वजह से पूरे जिले के लोग खरीदारी के लिए मुगलसराय आते हैं। वाराणसी जाने के लिए भी इसी रास्ते से लोग जाते हैं। ऐसे में जीटी रोड पर वाहनों का अत्यधिक दबाव है। सड़क पर छुट्टे पशुओं के होने और बेतरतीब ढंग से सड़क पर वाहन खड़ी कर सवारियों को भरने की वजह से आए दिन जाम लगता है। नगर के एलबीएस कटरा, स्टेशन गेट, नई सट्टी के समीप जीटी रोड पर तमाम छुट्टा पशु बैठे रहते हैं जिससे लोगों को काफी दिक्कत होती है। कई बार सांड़ आपस में लड़ जाते हैं और दुर्घटना हो जाती है।