घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सतीश गुप्ता ने बलुआ पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने पीछे की दीवार तुड़वाकर आसपास लगे सबमर्सिबल पंपों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा किराना सामान, फर्नीचर और नगदी पूरी तरह जल चुकी थी।
सूचना मिलते ही लौट रहे भाई-बहन सड़क हादसे में घायल
अग्निकांड की सूचना मिलने पर अजय गुप्ता के भाई विजय गुप्ता, जो अपनी बड़ी बहन रिंकी गुप्ता का इलाज कराने मुगलसराय गए थे, तत्काल घर के लिए निकले। रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष गुलाब साहू और भाजपा नेता आनंद सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर पीड़ित व्यापारी को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।