सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के महेशी गांव स्थित एक घर में बुधवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों विवाहिता का शव पंखे के सहारे साड़ी के फंदे से लटकता मिला। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और कोतवाली ले आई। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। घटना के बाद से पति समेत घर के अन्य सदस्य मौके से फरार हैं। विवाहिता के पिता की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति समेत सास, ससुर और देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
सैयदराजा थाना के धीरज सिंह की पुत्री सपना की शादी दो साल पूर्व महेशी गांव निवासी श्याम बिहारी सिंह के पुत्र लवकुश सिंह से हुई थी। बुधवार की सुबह गांव के कुछ लोग किसी कार्य से उनके यहां पहुंच तो घर का दरवाजा बंद मिला। काफी खटखटाने के बाद भी जब किसी ने दरवाजा नहीं खोला तो लोगों को शक हुआ। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना सकलडीहा पुलिस को दी। मौके पर पहुुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया तो देखा कि विवाहिता सपना (25) पंखे के सहारे साड़ी के फंदे से झूली हुई है। इसके बाद पुलिस ने शव को नीचे उतारा और कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई। इस दौरान सभी लोग घर से फरार रहे। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति लवकुश, सास शीला सिंह, ससुर श्याम बिहारी सिंह व देवर अंबुज सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। इस संबंध में कोतवाल वंदना सिंह ने बताया कि पति समेत सास, ससुर व देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है।