काशी वन्यजीव प्रभाग, रामनगर के तत्वावधान में वन महोत्सव सप्ताह के समापन पर सोमवार को जयमोहनी रेंज के पूर्व माध्यमिक विद्यालय रिठिया में आम भंडारा एवं पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान 50 से अधिक छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क देशी आम के पौधे वितरित कर उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिवशंकर के निर्देश पर एक से सात जुलाई तक चले वन महोत्सव अभियान के समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के स्वतंत्र निदेशक शिव तपस्या पासवान ने पौधों का वितरण किया।
उन्होंने कहा कि वन महोत्सव की सफलता केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे का संरक्षण कर उसे वृक्ष बनाना ही अभियान का वास्तविक उद्देश्य है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने ग्राम्या संस्थान की निदेशक बिंदु सिंह, समाजसेवी जयप्रकाश सिंह उर्फ शेरू यादव तथा लौवारी कला ग्राम पंचायत के प्रधान यशवंत सिंह यादव के साथ विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया।
वन क्षेत्राधिकारी नौगढ़ संजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश सरकार अधिक से अधिक पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण और संवर्धन पर भी विशेष जोर दे रही है। इस अभियान को जनआंदोलन बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक लालबहादुर के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने पौधों की देखभाल और संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी जयमोहनी अमित कुमार श्रीवास्तव, वन दरोगा वीरेंद्र पांडेय, निर्भय सिंह, सोमेश, वन रक्षक मुलायम, प्रेम सिंह, चंद्रशेखर, मनीष गुप्ता, प्रमोद यादव, भोला नाथ सहित वन विभाग और विद्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।