धानापुर थाना क्षेत्र के बसगांवा गांव में शनिवार की रात में चोरों ने दुर्गा माता मंदिर से माता के श्रृंगार में लगे आभूषण पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। रविवार की सुबह ग्रामीण मंदिर में पूजा पाठ करने गए तो आभूषण गायब होने पर सन्न रह गए।
भाजपा नेता राजेश तिवारी की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस घटना जांच शुरू कर दी है। मंदिर में चोरी की घटना से ग्रामीणों में रोष है। बसगांवा गांव में दुर्गा माता मंदिर में माता के श्रृंगार के लिए सोने का नथिया, मांगटीका, सोने की आंख, कान, नाक, गले में लगभग दो लाख रुपये के आभूषण पहनाए गए थे। शनिवार की देर रात चोरों ने सभी आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। रविवार की सुबह ग्रामीण मंदिर में पूजा पाठ करने के लिए गए तो वहां का दृश्य देखकर हैरान हो गए। इस संबंध में धानापुर थानाध्यक्ष तेजबहादुर सिंह ने कहा कि मंदिर में चोरी की घटना की जानकारी हुई है। मामले की छानबीन की जा रही है।