पीडीडीयू नगर। नौगढ़ थाना क्षेत्र के लौवारी कला में सोनभद्र के फर्नीचर व्यवसायी से लूट का मुख्य आरोपी मनोज कुमार साहनी को पुलिस ने रविवार की दोपहर लौवारी खुर्द के पास जंगल से गिरफ्तार किया। मनोज लौवारी खुर्द गांव का ही मूल निवासी है। लूट में शामिल उसके अन्य तीन साथियों की तलाश की जा रही है। एसपी डॉ.अनिल कुमार ने बताया कि मनोज ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने साथियों के साथ मिलकर लूट किया था। विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सोनभद्र जिले के निवासी और फर्नीचर व्यवसायी आशीष मौर्या ने नौगढ़ थाने में तहरीर दिया था कि 19 मार्च को चकिया बाजार में कार से फर्नीचर का आर्डर लेने आए थे। लौटते समय लौवारी खुर्द के पास एक बदमाश ने गाड़ी रोकने के लिए हाथ दिया। व्यवसायी ने जैसे ही शीशा नीचे कर कारण पूछा दूसरे बदमाश ने जबरन उसकी चाभी निकाल ली। फिर चार नकाबपोश बदमाश उसे जंगल में ले गए। व्यवसायी के पास के 10 हजार रुपये और सोने की चेन लूट लिया। 50 हजार रुपये और न देने पर जान से मारने की धमकी दी तो व्यवसायी ने अपने भाई को फोन कर अपनी पत्नी के अकाउंट से 50 हजार रुपये अपने अकाउंट में मंगाए। दो बदमाश नौगढ़ बाजार के जनसेवा केंद्र जाकर वहां का क्यूआर कोड भेजा। व्यवसायी ने पैसे डाले। इसके बाद बदमाश पैसे निकालकर लौवारी कलां से सीधे जयमोहनी पोस्ता मोड़ पर पहुंचे वहां पहले से कार में व्यवसायी के साथ दो बदमाश मौजूद थे। वे व्यवसायी को वहीं छोड़कर भाग गए।
शिकायत पर सक्रिय हुई पुलिस ने रविवार को लौवारी खुर्द गांव के यात्री शेड के पास के जंगल झाड़ी से लूट के मुख्य आरोपी मनोज साहनी (23) गिरफ्तार कर लिया। सीओ कृष्णमुरारी शर्मा ने बताया कि अन्य तीन बदमाशों की तलाश की जा रही है। वे भी जल्द पकड़े जाएंगे। मनोज के पास से एक तमंचा, एक
जिन्दा कारतूस, एक मिस कारतूस, लूट का 1500 रूपया नकद और एक मोबाइल बरामद हुआ है।
मात्र 23 साल की उम्र में ही लग चुका है गैगस्टर, बिरहा गायक से भी की थी लूट
पीडीडीयू नगर। फर्नीचर व्यवसायी से लूट की घटना का मास्टर माइंड मनोज साहनी मात्र 23 वर्ष की अवस्था में ही दो लूट और एक मारपीट की घटना कर चुका है। सीओ कृष्णमुरारी शर्मा ने बताया कि नौगढ़ थाने में इस पर तीन मुकदमे के साथ ही गैंगस्टर भी लगाया गया है। मनोज लौवारी खुर्द का ही रहने वाला है जहां फर्नीचर व्यवसायी के साथ लूट हुई। इससे पहले पिछले साल उसने अपने अन्य साथियों के साथ कील से गाड़ी का टायर ब्रस्ट कर बिरहा गायक रामजन्म जाबांज को भी लूटा था। उस मुकदमे में इसका नाम भी दर्ज है। मनोज ने जिन साथियों के साथ मिलकर बिरहा गायक को लूटा था, फर्नीचर व्यवसायी के लूट में वे नहीं थे। बल्कि इसने इस घटना में सोनभद्र के तीन अन्य बदमाशों को शामिल किया था। संवाद