मिर्जापुर। महाकुंभ प्रयागराज से आने वाले आस्थावानों के लिए नगर पालिका विशेष इंतजाम कर रहा है। नगर में प्रवेश करने वाली सड़कों पर स्वागत द्वार और सेल्फी पाॅइंट बनाए जाएंगे। शास्त्री सेतु पर एक सेल्फी पाइंट का लोकार्पण भी किया जा चुका है।
महाकुंभ का अधिकतर मेला विंध्याचल क्षेत्र मे ही होगा। जो भी श्रद्धालु प्रयागराज से पर्व पर स्नान कर आएंगे वे सीधे विंध्याचल ही जाएंगे और मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन करेंगे। इसको देखते हुए नगर पालिका ने विंध्याचल और शिवपुर में दो बड़े स्वागत द्वार बनाकर वहां पर सेल्फी पाइंट की व्यवस्था शुरु की है। इसके साथ नगर में मुकेरी बाजार व फ्लाईओवर के पास स्वागत द्वार बनवाया जा रहा है। नगर पालिका का प्रयास है कि मां विंध्यवासिनी का दर्शन करने जिस भी स्थान से श्रद्धालु नगर में प्रवेश करें, उनको लगना चाहिए कि उनका स्वागत हो रहा है और वे मां का दर्शन करने आ रहे हैं। वे इसकी स्मृति अपने साथ लेजाकर सहेज सकें, इसके लिए सेल्फी पाइंट भी बनवाया जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरवानी ने बताया कि महाकुंभ के दौरान मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में आस्थावान आते हैं। उनका अभिनंदन करने के लिए यह स्वागत द्वार और सेल्फी पाॅइंट बनवाए जा रहे हैं।
चारों तरफ से नगर में आते हैं श्रद्धालु
नगर में चारों दिशाओं से श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। पश्चिम की ओर से सीधे प्रयागराज से श्रद्धालु आते हैं तो उत्तर दिशा से शास्त्री सेतु से गोरखपुर से सीधा मार्ग, आजमगढ़, जौनपुर होते हुए आता है। इसी प्रकार पूर्व दिशा में काशी व सोनभद्र जिला के श्रद्धालु आते हैं तो दक्षिण में हलिया व लालगंज होते हुए मध्यप्रदेश राज्य के श्रद्धालु नगर में प्रवेश करते हैं। इन्हीं को ध्यान में रखकर स्वागत द्वार बनवाया जा रहा है।