थाना क्षेत्र के कुआं गांव में आकाश उर्फ काजू चौहान (18) दोस्तों से शर्त लगाने में अपनी जिंदगी ही हार गया। युवक की तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।
तीन दोस्तों में तालाब को तैरकर पार करने की 500 रुपये की शर्त रखी गई थी। काजू पहले कूदा और तालाब पार भी कर गया। लौटते समय गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के कुआं गांव के रहने वाले तीन युवक सोमवार की शाम तालाब किनारे बैठकर बातचीत कर रहे थे। इस दौरान तीनों दोस्तों के बीच तालाब पार करने को लेकर 500 रुपये की शर्त लग गई।
इसके बाद आकाश चौहान ऊर्फ काजू तालाब में कूद गया और तालाब पार कर गया। इसके बाद लौटते समय वह बीच तालाब में डूबने लगा।
यह देखकर उसके दोस्त तालाब में कूद गए और उसकी जान बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आकाश डूब चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस गोताखोरों की मदद से सुबह ही आकाश को ढूंढने में लग गई लेकिन उसका कहीं भी पता नहीं चल सका। इससे नाराज ग्रामीणों ने लेवा-इलिया मार्ग जाम कर दिया।
मौके पर पहुंचे सीओ चकिया राजीव कुमार सिशोदिया व थानाध्यक्ष मिर्जा रिजवान बेग ने समझा बुझाकर लोगों को शांत कराया और जाम छुड़वाया।
दिन में लगभग 11 बजे गोताखोरों ने आकाश का शव तालाब से ढूंढ निकाला। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। परिवार वाले रो-रोकर बेहाल हैं। इस घटना से पूरे गांव में मातम छाया रहा।