'चला लोग चंदौली में भाजपा तीसरी बार भी जीती, इहां महेंद्र अउर देश में नरेंद्र के सरकार बनी।' नगर के मंगरू तिवारी ने चाय की दुकान पर गमछा रखकर बैठते हुए यह बात कही तो राजनीतिक बहस छिड़ गई।
चाय की चुस्की के साथ उनका जवाव देते हुए नरोत्तम यादव ने कहा 'अबही से सपनिया मत तिवारी, अबकी सइकिलिए हर जगह दिखी। ये बार दाल नाही गली तोह लोगन के' यह सुनते ही ठहाके गूंज उठे।
लोकसभा चुनाव के लिए 60.34 प्रतिशत मतदान हुआ था। चंदौली के भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, सपा के बीरेंद्र सिंह और बसपा के सत्येंद्र मौर्य के साथ दस प्रत्याशी मैदान में हैं। चार जून को इनके भाग्य का फैसला होगा लेकिन, जनता कहां सब्र करने वाली है। परिणाम से पहले चाय-पान की अड़िया गुलजार रहीं। हर जगह जीत-हार के दावों पर बहस होती रही।
सुभाष पार्क के बगल में भीम चाय पर लगी अड़ी का माहौल सबसे गर्म रहा। लोगों की बहस की जोरदार आवाज सुन आसपास के लोग भी यहां जुट गए। पेशे से अधिवक्ता नरेश रेश गुप्ता ने कहा कि इस चुनाव में चंदौली वाराणसी के बाद सबसे हॉट सीट रहा है। जनता भी मूड से मतदान करने पहुंची है। चश्मे के ऊपर से देखते हुए संजय ने कहा कि नरेश बाबू, कहीं परिवर्तन ता ना होई यह बार।
नरेश ने कहा-देखा, जनता जे तरह से मतदान खातिर बूथ पर आइल रहे, वहसे इ साफ बा कि उ नात समर्थन में बिया या फिर बड़ा बदलाव करल चाहत बिया, कुछो कहल नइखे जा सकत। पास में बैठे नियामताबाद के व्यास मौर्य ने कहा-देखिए इस बार जो शिवपुर और अजगरा विधानसभा में बढ़त बना लेगा, वह चुनाव जीत जाएगा।
दोनों विधानसभा में रिकार्ड वोटिंग हुई है। जिले में सकलडीहा में साइकिल और मुगलसराय में कमल पर ज्यादा बोट पड़ा है। सैयदराजा भी निर्णायक भूमिका में हो सकत बा। सबकी बात सुनकर गमछा उठाकर चलने के मुद्रा में मंगरू तिवारी ने कहा- "चला जा लेप, चार जून के पते चल जाइ, कि केकरा कपारे में केतना बार बा, केकर जीत आ केकर हार बा।" यह सुनकर सभी ठहाके लगाते हुए अपने गंतव्य तक चले गए।