सैयदराजा। सैयदराजा पुलिस आरपीएफ मानस नगर पोस्ट व सीआईबी की संयुक्त टीम ने शनिवार की भोर में नौबतपुर रेलवे पुलिया के समीप से ट्रेन पर शराब चढ़ाने की तैयारी में लगे युवक को पकड़ लिया। इस दौरान रेलवे लाइन के किनारे छिपाकर रखे गए आठ लाख रुपये मूल्य की देसी और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पकड़े गए युवक का चालान किया गया है।
सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि शनिवार की रात में सूचना मिली कि कुछ लोग ट्रेनों से शराब बिहार ले जाने की फिराक में हैं। इस सूचना पर सैयदराजा निरीक्षक बिदेश्वर प्रसाद पांडेय, आरपीएफ के एसआई राजेश कुमार, इंद्र कुमार आदि की टीम नौबतपुर में रेलवे पुलिया के समीप पहुंची। यहां बोरे में पैक कर रखे गए सौ पेटी देसी शराब, चार पेटी अंग्रेजी शराब, 17 पेटी स्ट्रांग बीयर सहित कुल 1140 लीटर शराब बरामद हुआ। शराब तस्करी के आरोप में रंजीत कुमार यादव निवासी ग्राम जवडा महसू थाना अंबा जिला औरंगाबाद बिहार को गिरफ्तार किया गया। सीओ ने बताया कि तस्कर शराब की प्लास्टिक और जूट की बोरियों में शराब पैक कर उसे सिल देते हैं। इसके बाद मालगाड़ी के वैगन में उसे चढ़ा देते हैं। गंतव्य स्थान पर उसे उतार लिया जाता है। यही नहीं तस्कर ट्रेनों में चेन पुलिंग कर उसमें शराब चढ़ा देते हैं। उसे बिहार में उतार लिया जाता है। बताया कि बरामद शराब की कीमत आठ लाख रुपये है। गिरफ्तार तस्कर का चालान किया जा रहा है।
पीडीडीयू नगर। जीआरपी ने पिछले 24 घंटे में अलग अलग समय पर तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 35 लीटर अंग्रेजी और देसी शराब बरामद हुए हैं। जीआरपी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि तीनों तस्करों का चालान किया गया है।
जीआरपी के सीओ वाराणसी कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि जीआरपी पीडीडीयू के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में शनिवार की भोर में पीडीडीयू जंक्शन से एक युवक को 10.5 लीटर शराब के साथ पकड़। युवक का नाम आयुश कुमार निवासी ग्राम नोनिडीह थाना बेन नालंदा बिहार है। इसके पूर्व शुक्रवार को जीआरपी ने रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में शुभम कुमार मंडल निवासी 206 रेलवे कालोनी, थाना आरा, बिहार को गिरफ्तार कर उसके पास से 16.2 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद किया गया। युवक का चालान किया गया है। इसी तरह दिलदारनगर चौकी जीआरपी ने रेलवे स्टेशन के पीएफ नंबर 01 यात्री प्रतीक्षालय के पास से एक युवक को गिरफ्तारकर नौ लीटर शराब बरामद किया। गिरफ्तार जितेन्द्र कुमार झा निवासी जनदाहा वार्ड नबर 18 महुआ बस स्टैंड के पास जिला वैशाली का चालान किया गया है।