-मैनपुरी के दो आरोपी गिरफ्तार, ट्रक पर था राजस्थान का नंबर
पीडीडीयू नगर। सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने सोमवार को हाईवे पर राजस्थान नंबर के ट्रक में कागज की गुल्ली के नीचे छिपाकर नोएडा से बिहार ले जाई जा रही 849 पेटी शराब जब्त की। इनकी बाजार में अनुमानित कीमत 1.40 करोड़ से ज्यादा है। पुलिस ने ट्रक चालक हरिश्चंद्र निवासी नगला इतवारी, भोगांव, मैनपुरी और परिचालक अंकित निवासी मिसौरा, भोगांव मैनपुरी को गिरफ्तार किया है। एक सप्ताह में पुलिस ने कुल तीन करोड़ रुपये की शराब जब्त की है। 3 मार्च को भी अलीनगर पुलिस ने 1.68 करोड़ रुपये की शराब पकड़ी थी।
एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि 9 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रक में अंग्रेजी शराब बिहार ले जाई जा रही है। इसके बाद सैयदराजा थाना पुलिस और स्वाट और सर्विलांस टीम ने एनएच-19 हाईवे पर ग्राम जेठमलपुर स्थित काले पीर बाबा मजार के पास चेकिंग अभियान शुरू किया। 30 मिनट बाद चंदौली से आ रहे राजस्थान नंबर लिखी ट्रक रोकी गई। तलाशी में ट्रक के आगे की तरफ कागज की बनी गुल्ली (जिसमें धागा लपेटा जाता है) रखी हुई थी। जब पुलिस ने उसे हटाकर जांच की तो उसके नीचे बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब मिली। शराब की बोतलों पर फॉर सेल इन पंजाब ओनली लिखा था। पूछताछ में पता चला कि शराब को दादरी (नोएडा) से बिहार ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।
849 पेटी थी तीन ब्रांड की शराब
एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि बरामद शराब में रॉयल स्टेग, इम्पीरियल ब्लू और ब्लू स्टार ब्रांड की 849 पेटियां हैं। इसके अलावा दो मोबाइल और ट्रक भी बरामद किया गया है। पुलिस ने सैयदराजा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तस्करी गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इनसेट
तीन मार्च को पकड़ी गई थी 1.68 करोड़ की शराब
इससे पहले तीन मार्च को अलीनगर पुलिस ने हाइवे पर ट्रक से 1.68 करोड़ रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब जब्त की है। हाईवे पर सिंघीताली पुल के पास जांच के दौरान ट्रक की तलाशी में आलू-प्याज की बोरियां मिलीं। बोरियां हटाने पर भीतर से 1028 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 9199.8 लीटर है। चालक की पहचान मल्लाराम निवासी ग्राम रानी गांव कल्ला, थाना सदर बाड़मेर, बाड़मेर को गिरफ्तार किया। शराब पंजाब से बिहार जा रही थी।
सैयदराजा पुलिस की गिरफ्त में शराब तस्करी के आरोपी। स्रोत:-जागरूक पाठक- फोटो : credit