एक माह के भीतर चौथी बार पकड़ी गई शराब की खेप
बिहार में शराब तस्करी का खेल बंद नहीं हुआ है। यही कारण है कि एक माह के भीतर चौथी बार शराब की बड़ी खेप बरामद हुई है। बडी बात है कि इसमें तीन बार सैयदराजा में शराब की खेप बरामद हुई है। शराब तस्कर कभी प्याज की बोरी तो कहीं कागज के गत्ते तो कभी वाल पु्ट्टी की बोरी में छिपाकर शराब ले जाने की कोशिश की। हालांकि तस्कर पुलिस की नजर से नहीं बच सके।
2 मार्च को अलीनगर पुलिस ने एक ट्रक में आलू की बोरी के नीचे छिपाकर पंजाब राज्य से बिहार राज्य ले जाई जा रही 1028 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की। बरामद शराब की कीमत 01.68 करोड़ रुपये थी। इसी तरह 09 मार्च को सैयदराजा पुलिस ने ट्रक में कागज की गट्ठर के नीचे छिपाकर दादरी नोएडा से बिहार राज्य ले जाई जा रही 849 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई थी। बरामद शराब की कीमत 01.40 करोड़ रुपये थी।
वहीं सैयदराजा और स्वाट पुलिस ने 14 मार्च को एक ट्रक में पुट्टी की बोरी के पीछे छिपाकर नोएडा से बिहार राज्य ले जाई जा रही 710 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। बरामद शराब की कीमत लगभग 01.20 करोड़ रुपये रही। शनिवार को 70 लाख रुपये की शराब बरामद हुई। इस तरह एक माह के भीतर 4.98 करोड़ रुपये मूल्य की शराब बरामद हो चुकी है।
शराब बरामदगी के लिए स्वाट और सर्विलांस टीम को मिल चुका है इनाम
जिले में लगातार शराब बरामदगी पर जिले की स्वाट और सर्विलांस टीम को 50 हजार रुपये का नगद इनाम मिल चुका है। 17 मार्च को अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पियूष मोर्डिया और पुलिस उप महानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वाराणसी वैभव कृष्ण के निर्देश पर एसपी आदित्य लांग्हे ने अंग्रेजी शराब की तस्करी के विरुद्ध की गई प्रभावी कार्रवाई के लिए 50 हजार रुपये के नगद इनाम से पुरस्कृत किया था।