शाहकुटी सभासद प्रतिनिधि आदर्श जायसवाल ने कहा कि क्षेत्र में शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में क्षेत्रवासियों को ओर से सभी जगह पत्र लिखा गया था। यहां तक कि विधायक मुगलसराय और जिला आबकारी को भी पत्र दिया गया था।
कहा कि विधायक रमेश जायसवाल द्वारा जिलाधिकारी को पत्र लिखकर शराब की दुकान को उसके अलॉटमेंट स्थल पर ही खोलने की बात कही थी। लोगों ने आरोप लगा कि शराब दुकान लाइसेंसी की ओर से जबरदस्ती और मनमाने तरीके शराब की दुकान को यहां खोली जा रही है।
घनी आबादी में शराब और बीयर की कंपोजिट दुकान खोलने से क्षेत्र का माहौल बिगड़ सकता है। महिलाओं ने कहा कि घनी आबादी में शराब की दुकान खुलने से वहां हम लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा।
प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं को समझाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
इस दौरान, मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह, सीओ आशुतोष ने धरनारत लोगों को मनाने का प्रयास किया लेकिन कोई भी नहीं माना। बाद में एसडीएम पीडीडीयू नगर अनुपम मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम से जिलाधिकारी को अवगत कराया।
जिलाधिकारी से मिले निर्देश के आधार पर मानकों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर लोग शांत हुए और धरना समाप्त किया। जिले में एक अप्रैल से शराब की नई दुकानें खोली जानी हैं। शराब की दुकानों को आबादी में खोले जाने का कई जगहों पर विरोध हो रहा है।
इसके पूर्व सदर कोतवाली क्षेत्र के बसीला नसीरपुर चट्टी में महिलाओं ने विरोध किया था। वहीं, कालीमहाल-चतुर्भुजपुर मार्ग पर भी दुकान खोले जाने का महिलाओं ने विरोध किया था। महिलाओं ने कोतवाली के जाकर पत्रक भी सौंपा था। एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि मानकों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।