चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली के कुंडा कला गांव में एक बछड़े पर हमला कर तेंदुए ने उसे मार डाला। घटना से ग्रामीण सहमे हुए हैं। वहीं वन विभाग की टीम ने पैरों के निशान का नमूना ले लिया है।
चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत कुंडा कला गांव में रविवार की देर रात में एक तेंदुआ घुस आया। इस दौरान रात के अंधेरे में खूंखार तेंदुए ने एक बछड़े पर हमला कर उसे लहूलुहान कर मार डाला। घटनास्थल के पास के खेतों में कुछ जगहों पर तेंदुए के पैरों के निशान मिले हैं। घटना के बाद इलाके में भय व दहशत का माहौल बना हुआ है।
विज्ञापन
यह है मामला
मवेशी मालिक मंसूर खान समेत ग्रामीणों ने बताया कि रात के लगभग बारह से एक बजे के करीब तेंदूए ने खूंटे पर बंधे बछड़े पर हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद उसे सौ मीटर दूर गेहूं के खेत में ले जाकर मार डाला। तेंदुए ने बछड़े के बायीं टांग और पेट के हिस्से को अपने पंजों व दांतों से पूरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया था।
लोगों को अंदेशा है कि तेंदुआ आस-पास के इलाके में ही कहीं छिपा है। सूचना पर सोमवार की सुबह पुलिस ने पहुंचकर घटना का जायजा लिया। काफी समय बाद वन विभाग के रेंजर अधिकारी रामनारायण ने वन कर्मियों के साथ पहुंचकर घटना का अवलोकन किया। पहचान के तौर पर तेंदुआ के पदचिन्हों के नमूनों को एकत्र किया गया है।
विज्ञापन
वनरक्षक ने बताया कि बछड़ा के बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं पदचिन्हों को जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने पर ही तेंदुआ होने का प्रमाण मिल सकेगा। गांव में सुरक्षा के दृष्टिकोण से एक गार्ड को नियुक्त किया जाएगा। वहीं, गश्त कर के लाउडस्पीकर द्वारा ग्रामीणों को सतर्क एवं सुरक्षित रहने का निर्देश दिया जाएगा। साथ ही विभागीय कार्रवाई के बाद पशु पालक को मुआवजा भी दिया जाएगा।