सदर तहसील परिसर स्थित सीओ कार्यालय का स्थानांतरण अलीनगर किए जाने के विरोध में अधिवक्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि सदर सीओ कार्यालय कुछ जनप्रतिनिधियों के इशारों पर यहां से स्थानांतरण किया गया है। तत्काल सीओ कार्यालय सदर तहसील परिसर में स्थापित किए जाए, नहीं तो अधिवक्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस अवसर पर सिविल बार अध्यक्ष मनोेज कुमार सिंह ने कहा कि जनपद के गठन के बाद से ही सीओ कार्यालय सदर तहसील परिसर में स्थापित है। इसके चलते अधिवक्ताओं के साथ-साथ वादकारियों को भी काफी सहूलियतें थी। सत्ता बदलने के बाद दफ्तर अलीनगर कर दिया गया है। इससे साफ जाहिर होता है कि जिला प्रशासन की मंशा मुख्यालय वासियों के लिए ठीक नहीं है। उपाध्यक्ष वीरेन्द्र प्रताप सिंह दाढ़ी ने कहा कि सदर तहसील से सीओ कार्यालय का स्थानांतरण अलीनगर होने से वादकारियों और अधिवक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। तत्काल स्थानांतरण को रद्द करते हुए पुन: तहसील परिसर में सीओ कार्यालय स्थापित किया जाय। कनिष्ठ उपाध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने कहा कि जल्द ही अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमण्डल मुगलसराय विधायक साधना सिंह से मिलकर पुन: मुख्यालय पर सीओ कार्यालय की स्थापना की मांग करेंगे।
इस दौरान विजय बहादुर सिंह, प्रमोद कुमार यादव, गौरव कुमार, अमित कुमार पाण्डेय, मनोज कुमार त्रिपाठी, शशिकान्त पाण्डेय, बच्चे लाल आदि उपस्थित रहे।