चहनियां। बलुआ थाना अंतर्गत तिरगॉवा जमालपुर गांव में बुधवार की सुबह आबादी की भूमि पर कब्जे के विवाद में सगे भाईयों के बीच लाठी डंडे चले। मारपीट में दोनों पक्षों से नौ लोग जख्मी हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। इसके आधार पर पुलिस ने दोनों पक्षों से 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
तिरगॉवा जमालपुर में आबादी के लिए आंवटित भूमि पर दो भाइयों केे बीच विवाद चल रहा है। मंगलवार की शाम को इसी बात को लेकर दो भाई आमने सामने आ गए। दोनों पक्ष मारुफपुर चौकी पर पहुंच गए लेकिन यहां सुनवाई नहीं हुई। बुधवार की सुबह एक बार फिर दोनों पक्ष के लोग गोलबंद होकर लाठी डंडे से एक दूसरे पर हमला बोल दिया। मारपीट में एक पक्ष के नगीना ( 67 ), निजामुद्दीन ( 34 ), शादाब (16 ), परमीन (40), संजीदा (42), आशिक ( 17 ), नासरीन ( 16 ) और दूसरे पक्ष के समसून ( 55 ) और जुगनू ( 24 ) घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनियॉ भेजा। यहां चार लोगों की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक बलुआ सत्येन्द्र यादव ने बताया कि दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। घायलों के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।