चहनिया। कोविड-19 महामारी के दौरान विद्यालयों के बंद होने के कारण मध्यान्ह भोजन योजना के तहत मंगलवार को ग्राम प्रधान सीमा सिंह ने 367 छात्र-छात्राओं को प्राधिकार पत्र प्रदान किया। तत्पश्चात टांडा कला कंपोजीट पूर्व माध्यमिक विद्यालय के उच्च प्राथमिक विद्यालय स्तर के छात्रों को 3 किलो 800 ग्राम गेहूं व 7 किलो 600 ग्राम चावल का वितरण किया गया। वहीं प्राथमिक विद्यालय स्तर के छात्रों को 2 किलो 500 ग्राम गेहूं व 5 किलो 100 ग्राम चावल दिया गया।
प्रधान ने कहा कि पूरा देश कोरोना संक्रमण जैसी बीमारियों से जूझ रहा है। कोरोना संक्रमण के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में सरकार कई योजनाओं के माध्यम से लोगों की मदद कर रही है। विद्यालय बंद होने के चलते प्रदेश सरकार ने खाद्य सुरक्षा व पोषण के तहत बच्चों को प्राधिकार-पत्र के माध्यम से राशन देकर बहुत ही सराहनीय कार्य किया है। इस मौके पर प्रधान पति राजीव सिंह मुन्ना, कोटेदार फूल कुमारी देवी, शिक्षक महेंद्र प्रताप, संतोष कुमार, शिक्षिका रक्षा रानी सिंह सहित बच्चे व अभिभावक मौजूद रहे। संवाद