जनपद के विभिन्न ब्लाकों से विजयी जिला पंचायत सदस्यों को सोमवार की देर
रात तक कलेक्ट्रेट में प्रमाण पत्र वितरण किया गया। इसके चलते प्रत्याशियों
को घंटों इंतजार करना पड़ा।
वहीं उनके समर्थक भी कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर
अपने-अपने प्रत्याशी का इंतजार करते दिखे। एडीएम ने सभी विजयी
प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया।
गौरतलब है कि मतगणना का
कार्य पूर्ण होने के बाद जिला प्रशासन ने विजयी प्रत्याशियों को गणना स्थल
से प्रमाण पत्र वितरित न करके उन्हें सोमवार को जिला मुख्यालय बुलाया।
यहां
एडीएम कार्यालय से शाम चार बजे प्रमाण पत्रों के वितरण का कार्य शुरू हुआ।
उक्त कार्य धीमी गति से होने की वजह के कारण देर शाम तक मात्र छह ब्लाक से
विजयी प्रत्याशियों में प्रमाण पत्र वितरित हुआ। वहीं तीन ब्लाक के
प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र वितरित होने में देर रात हो गई।
इसमें बरहनी,
चकिया व नियामताबाद ब्लाक के प्रत्याशी शामिल रहे। बरहनी सेक्टर-1 से विजयी
कमला, सेक्टर-2 से रमेश यादव, सेक्टर-3 से रमाशंकर, सेक्टर-4 से मीना सिंह
ने एडीएम से प्रमाण पत्र प्राप्त किया।
चकिया सेक्टर-1 से सूर्यमुनी
तिवारी, सेक्टर-2 से पूनम मौर्या, सेक्टर-3 से महेंद्र राव ने एडीएम से
प्रमाण पत्र प्राप्त किया। वहीं नियामताबाद सेक्टर-1 से शीला, सेक्टर-2 से
अनीता, सेक्टर-3 से कैलाश, सेक्टर-4 से संतोष यादव, सेक्टर-5 से बदेलाल,
सेक्टर-6 से विमला देवी ने प्रमाण पत्र प्राप्त किया।