नौगढ़ के भैंसौड़ा के बरवाटांड़ में बारिश से गिरा मकान। संवाद
नौगढ़/बबुरी। बारिश के कारण नौगढ़ के ग्राम सभा भैंसौड़ा के बरवाटांड़ गांव और बबुरी क्षेत्र के फगुनीपुर गांव में एक-एक कच्चे मकान गिर गए। कोई हताहत तो नहीं हुआ लेकिन गृहस्थी का सामान नष्ट हो गया।
बरवाटांड़ गांव मंगलवार को बारिश के दौरान चंद्रभान का कच्चा मकान ढह गया। हादसे के समय चंद्रभान अपने परिवार के साथ घर में मौजूद थे। हालांकि परिवार के किसी सदस्य को चोट नहीं आई। ग्राम प्रधान लाल मुहम्मद ने बताया कि लगातार बारिश के कारण कच्चा मकान गिर गया है। घटना की जानकारी लेखपाल और एसडीएम को दी गई है। प्रशासन पीड़ित परिवार को राहत और सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई कर रहा है।
वहीं, बबुरी के फगुनीपुर गांव में बुधवार की शाम रमेश का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। घटना के समय घर में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। मकान गिरने से गृहस्थी का पूरा सामान नष्ट हो गया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर सामान निकालने में जुट गए। ग्रामीणों ने राजस्व विभाग से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।