रामगढ़ स्थित कीनाराम बाबा को नमन करते सैयदराजा विधायक मनोज सिंह और उनके पुत्र प्रशांत सिंह
अघोराचार्य बाबा कीनाराम जन्मोत्सव के तीसरे और अंतिम दिन भक्तों का रेला उमड़ा। एक लाख से अधिक भक्तों ने शुक्रवार को बाबा के दरबार में पहुंच कर चरणों में माथा टेका। इस दौरान आरती पूजन के साथ घंटे घड़ियाल और नगाड़ों की ध्वनि से पूरा इलाका गूंजता रहा। दिन भर भक्त हर हर महादेव के जयकारे लगाते रहे। भीड़ को संभालने में पुलिस को पसीने बहाने पड़े।
जन्मोत्सव के तीसरे दिन की शुरुआत कीनेश्वर महादेव के विग्रह की मंगला आरती के साथ हुई। क्री कुंड के पीठाधीश्वर सिद्धार्थ गौतम राम ने पूजन अर्चन कर आरती उतारी। इसके साथ ही मठ के गर्भगृह का द्वार लोगों के दर्शन के लिए खोल दिया गया। इसके पूर्व ही भक्तों की कतार दर्शन पूजन के लिए लग गई थी। द्वार खुलते ही भक्तों ने जयकारे लगाए और कतारबद्ध होकर दर्शन पूजन कर पुण्य कमाया। भक्तों को संभालने के लिए पुलिस जुटी रही। सभी व्यवस्था छिन्न भिन्न हो गई लेकिन भक्तों की आस्था सब पर भारी रही। सुबह से लगी कतार देर शाम तक जारी रही। जितने लोग दर्शन करते, उससे अधिक लोग कतार में लग जाते। दिन भर बाबा के जयकारे की गूंज होती रही। मठ परिसर में गीत संगीत और साहित्य का संगम देखने को मिला।