एलबीएस पीजी कालेज में मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समझाते प्राचार्य डा. अनिल यादव
लाल बहादुर शास्त्री पीजी कालेज के छात्रों ने विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को कालेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया।
छात्रों ने आरोप लगाया कि आए दिन कालेज परिसर के बाहर से छात्रों छात्राओं की साइकल चोरी हो जा रही है लेकिन इसे रोकने के लिए अब तक कोई व्यवस्था नहीं की गई। मौके पर पहुंचे महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल यादव द्वारा छात्रों की मांगों पर विचार कर आवश्यक कदम उठाए जाने की बात पर छात्र शांत हुए। लाल बहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार की दोपहर लगभग एक बजे महाविद्यालय के 24 से अधिक छात्र कालेज के पश्चिमी गेट के बाहर विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। छात्र नेता प्रदीप कुमार ने कहा कि छात्रवृत्ति का फार्म भरकर कालेज में जमा किये जाने के दौरान महाविद्यालय प्रशासन द्वारा पीडीएफ फारमेट में दस्तावेजों की फाईल भी मांगी जा रही है। कहा कि इस फाइल को बनाने में जहां छात्रों की समय की बर्बादी हो रही है वहीं आर्थिक बोझ भी पड़ रहा है। छात्रों ने मांग किया की इसे तत्काल बंद किया जाना चाहिए। वहीं छात्रसंघ उपाध्यक्ष निखिल गुप्ता ने कहा कि कालेज के बाहर से छात्र-छात्रों की साइकल चोरी हो रही है। जिसे रोके जाने की भी व्यवस्था की जानी चाहिए। इस संबंध में प्राचार्य डॉ. अनिल यादव ने बताया कि कालेज के दोनों गेट पर सीसी कैमरे लगा दिये जाने के साथ ही पुलिस की व्यवस्था भी की जायेगी। कहा कि पीडीएफ फाइल छात्र-छात्राओं की भलाई के लिए मांगी जा रही है। अगर कोई छात्र छात्रवृत्ति से संबंधित दस्तावेजों की हार्ड काफी ही जमा कराना चाहता है तो वो ऐसा कर सकता है लेकिन किसी प्रकार की त्रुटि होने पर महाविद्यालय प्रशासन जिम्मेदार नहीं होगा। इस दौरान निखिल गुप्ता, यादवेश यादव आादि रहें।