पीडीडीयू नगर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर केंद्र सरकार ने पराक्रम दिवस मनाने की घोषणा की है। इसी कड़ी में रेलवे ने अपने सबसे पुरानी ट्रेनों में एक कालका मेल का नाम बदल कर नेताजी एक्सप्रेस कर कर दिया है।
तुम मुझे खून दा मैं तुम्हे आजादी दुंगा, दिल्ली चलो का नारा देने वाले आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 23 जनवरी को 125वीं जयंती मनाई जाएगी। केंद्र सरकार ने पराक्रम दिवस के रूप में पूरे वर्ष विविध कार्यक्रम कराने की योजना तैयार की है। रेलवे भी नेताजी को श्रद्धांजलि देने में पीछे नहीं है। रेल मंत्रालय ने हावड़ा से चलकर हिमाचल के कालकाजी तक जाने वाली अपनी सबसे पुरानी ट्रेन संख्या 12311/12312 हावड़ा-कालका मेल का नाम बदलकर नेताजी एक्सप्रेस करने की मंजूरी दी है। पं. दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन पर डाउन में यह ट्रेन रात आठ बजे और अप में सुबह आठ बजे गुजरती है। पं. दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मोहम्मद इकबाल ने बताया कि इसके लिए नोटिस जारी हो चुकी है। अब कालका मेल नेताजी एक्सप्रेस के नाम से चलेगी।