करेंट से हुई मौत के बाद रोते बिलखते परिवार के लोग।
थाना क्षेत्र के टीरो गांव में रविवार की सुबह दस बजे एचटी तार के एलटी तार से टकराने से गांव के घरों में हाईटेंशन करेंट दौड़ गया। इसकी चपेट में आने से किशोर की मौत हो गई। जबकि छह लोग झुलस गए। लोगों की सूचना के बाद काटा फीडर से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। घायलों को चंदौली स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। इधर हाइटेंशन करेंट से लोगों के घरों में लगे विद्युत उपकरण खराब हो गए।
रविवार की सुबह काटा फीडर से जैसे ही विद्युत आपूर्ति शुरू हुई, तभी हवा के चलते हाइटेंशन तार एलटी तार से टकरा गया। इससे पूरे गांव में हाइ वोल्टेज करेंट दौड़ गया। इससे गांव में हड़कंप मच गया। इसी दौरान चार्ज हो रहे मोबाइल को निकालने गया दीपक (16) करेंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। आननफानन में परिवारवाले उसे लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। करेंट की चपेट में आने से गांव निवासी सहादुर कन्नौजिया (28), आभा (45), सुनीता (22), मंगल (16), लक्ष्मीना (18) व ओमप्रकाश (70) गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना विजली विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना के बाद फीडर से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। ग्रामीणों ने आननफानन में लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। लोगों का कहना रहा कि हाइटेंशन करेंट की वजह से बंद सबमर्सिबल पंप अचानक अपने आप चालू हो गए। वहीं घरों में रखे विद्युत उपकरण जलकर नष्ट हो गए। सूचना के बाद मौके पर शहाबगंज थाने की पुलिस पहुंच गई।
घटना के बाद गांव में मातम छा गया।