हावड़ा से जोधपुर जा रही जोधपुर एक्सप्रेस मंगलवार को स्टेशन पहुंचने से
पहले दो हिस्सों में बंटने से बाल-बाल बची। मुगलसराय पहुंचते ही सूचना पाकर
पहुंचे रेलकर्मियों ने देखा कि एस-1 की कपलिंग में दरार आ गई थी। इसके बाद
स्लीपर कोच को ट्रेन से अलग कर साधारण दर्जे की बोगी जोड़ दी गई।
स्लीपर
की जगह साधारण कोच लगाए जाने पर यात्रियों ने खूब हंगामा मचाया। पर सुरक्षा
बलों ने यात्रियों को समझा बुझाकर शांत कराया। इस दौरान ट्रेन लगभग साढ़े
तीन घंटे तक मुगलसराय स्टेशन पर खड़ी रही। ट्रेन सुबह सवा दस बजे मुगलसराय
के प्लेटफार्म नंबर सात पर पहुंची थी।
जोधपुर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच
एस-1 में बैठे यात्रियों ने बताया कि उनको मंगलवार की सुबह काफी तेज आवाज
सुनाई पड़ रही थी। लगभग सवा दस बजे ट्रेन के मुगलसराय के प्लेटफार्म संख्या
सात पर पहुंचते ही आशंकित यात्रियों ने इसकी सूचना गार्ड व ड्राइवर को दी।
उनकी सूचना पर संबंधित विभाग के कर्मचारी व अधिकारी मौके पर पहुंचे और
जांच की तो पाया कि कोच की कपलिंग में दरार आ गयी थी।
इसके बाद अधिकारियों
के निर्देश पर इस कोच को अलग कर साधारण कोच लगाया गया। यह देख आरक्षित
डिब्बे के यात्री हंगामा करने लगे।
इस दौरान यात्रियों ने आरोप लगाया कि
रेलवे ने स्लीपर क्लास का भाड़ा वसूल किया, लेकिन बदले में जनरल कोच लगा
दिया। रेलवे की इस हरकत से वे लोग खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।