पीडीडीयू नगर । वाराणसी के चौकाघाट से मैजिक में सवार होकर पीडीडीयू नगर आ रही महिला के बैग से उचक्कों ने लगभग दो लाख रुपये मूल्य के जेवरात उड़ा दिये। घटना सोमवार दोपहर की है। पीड़िता से मिली शिकायत के बाद पुलिस शक के आधार पर मैजिक चालक को पकड़कर पूछताछ करने में जुट गई है । खालासी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
जौनपुर निवासिनी रेखा सिंह सोमवार की दोपहर बस से चौकाघाट पहुंची थी। इसके बाद पीडीडीयू नगर स्थित अपने मायके आने के लिए मैजिक में सवार हो गयी। रेखा सिंह ने बताया कि मैजिक में सवार होने के दौरान खलासी ने उनका बैग गाड़ी की छत पर रख दिया। जिसपर उन्होंने जब ऐतराज जताया तो खालासी ने कहा कि ऊपर रखा सामान सुरक्षित है। इसके बाद रेखा पीडीडीयू नगर के नई सट्टी में उतरकर घर चली गई । घर जाकर जब देखा कि बैग एक तरफ से कटा हुआ और उसमें रखे सोने के जेवरात गायब हैं। इसके बाद महिला भागते हुए नगर के रेलवे वीआईपी गेट के बाद ऑटो स्टैंड पर पहुंची तो मैजिक खलासी को पहचान लिया और उसे पकड़कर चिल्लाने लगी। पकड़े जाने के डर से खलासी मौके से भाग गया। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मैजिक चालक का पकड़ लिया और कोतवाली ले आई। मैजिक चालक से पुलिस पूछताछ में लगी है। हालांकि मंगलवार को महिला अपने एक बार फिर से परिवार के साथ मुगलसराय कोतवाली पहुंची, जहां पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पीड़िता वहां से लौट गई। इस संबंध में सीओ सदर रामवीर सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत की जांच की जा रही है। मैजिक के चालक को पकड़कर पूछताछ की जा रही है।