धानापुर। थाना क्षेत्र के धरांव गांव में दिनदहाड़े शनिवार को लाखों रुपये मूल्य के गहने चोरी हो गए। पुलिस मामले को संदिग्ध बताने के साथ ही जांच में जुटी है।
गांव निवासी कल्लू की पत्नी भतीजे के साथ घर में ताला बंद कर मोहरगंज स्थित अपने रिश्तेदार के यहां सुबह 9 बजे गए थे। बहू और बेटे दो दिन पूर्व दिल्ली चले गए थे। मोहरगंज से वे शाम को लगभग 6 बजे जब वापस आए तो कमरों का ताला टूटा हुआ था। आलमारी चांड़कर खोला गया था और सामान बिखरे हुए थे। पीड़ित ने बताया कि करकट हटाकर चोर घर में घुसे थे। दोनों बहुओं की सोने का चेन, हार, अंगूठी, चांदी की पायल सहित लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के गहने गायब हैं। पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई। पुलिस और मस्जिद में लगे सीसी कैमरे खंगालकर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक शरद गुप्ता ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। सभी पहलुओं पर मामले की जांच कर चोरी का पर्दाफाश किया जाएगा।