चकिया। एसडीएम दिव्या ओझा के निर्देश पर राजस्व और पुलिस की टीम ने शनिवार को शाम भीषमपुर गांव स्थित कादिलगंज में जांच की। इस दौरान मिट्टी का खनन में लगी एक जेसीबी व पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर टीम ने सीज कर दिया।
एसडीएम दिव्या ओझा ने बताया कि शिकायत मिल रही थी कि तहसील क्षेत्र में कई जगह अनुमति के बगैर मिट्टी का खनन किया जा रहा है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए नायब तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में राजस्व व पुलिस विभाग की टीम गठित की गई। सूचना पर भीषमपुर गांव स्थित कादिलगंज में जांच की गई। इस दौरान मिट्टी खनन में लगी जेसीबी व पांच ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया। एसडीएम ने बताया कि इसकी रिपोर्ट डीएम को भेजी गई है।