सैयदराजा-जमानियां राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार की भोर में तीन बजे अमड़ा गांव स्थित पुलिया के पास बालू लदे ट्रक का गुल्ला टूटने और एक ट्रक के गड्ढे में फंस जाने से मार्ग पर धमिना से लेकर बरहनी बीएसएनएल टावर तक छह किलोमीटर लंबा वाहनों का जाम लग गया।
करीब आठ घंटे बाद नया गुल्ला लगने के बाद ग्यारह बजे दिन में वाहनों का आवागमन शुरू हो सका। जाम के चलते ट्रक चालक और राहगीर परेेशान रहे। मार्ग पर आएदिन ट्रकों के फंसने और गुल्ला टूटने के चलते जाम लगना आम बात हो गई है।
बिहार के डेहरी अनसोन से बालू लादकर गाजीपुर जा रहे ट्रक का गुल्ला अमड़ा गांव के समीप पुलिया के पास बने गड्ढे में टूट गया। वहीं बगल से निकलने के प्रयास में बालू लदा दूसरा ट्रक भी गड्ढे में फंस गया। इससे धमिना से लेकर बरहनी तक छह किलोमीटर लंबा वाहनों का जाम लग गया। साढ़े ग्यारह बजे दिन में नया गुल्ला लगने के बाद जाम समाप्त हुआ और मार्ग पर वाहनों का आवागमन शुरू हो सका।
इसके बाद चालकों और यात्रियों ने राहत की सांस ली। भदखरी से अमड़ा तक मार्ग पर बने गड्ढों के चलते प्रतिदिन ट्रकों के गुल्ले टूटते रहते हैं और मार्ग पर वाहनों का जाम लगता रहता है। इससे चालकों के साथ-साथ क्षेत्रीय लोगों को भी अकसर ही कठिनाइयां उठानी पड़ती हैं।