डबल इंजन की सरकार में नगर पालिका पीडीडीयू नगर को सी ग्रेड में रखना दुर्भाग्यपूर्ण है। समाजवादी पार्टी की सरकार के समय नगर पालिका परिषद मुगलसराय को आदर्श नगर पालिका का दर्जा प्राप्त था, जिसके तहत प्रति वर्ष दो करोड़ रुपये विकास कार्यों के लिए मिलते थे। यह बातें नगर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित बैठक में पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने कहीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में केवल नाम बदलने का कार्य किया जाता है। आदर्श नगर पालिका के तहत प्रत्येक वर्ष दो करोड़ रुपये पालिका को मिलता था जो सपा सरकार के बदलने पर बंद कर दिया गया। इससे नगर के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कहा कि अब नगर पालिका को सी ग्रेड में रखा गया है, जिससे विकास कार्यों पर और असर पड़ेगा। कहा कि मुगलसराय नगर पालिका कार्यालय का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर तो कर दिया गया, लेकिन नगर के विकास के लिए कोई विशेष बजट या योजना नहीं दी गई। समाजवादी पार्टी नाम बदलने की राजनीति में नहीं, बल्कि विकास के कार्यों में विश्वास करती है। पूर्व प्रमुख बाबूलाल यादव ने कहा कि नगर पालिका से जुड़े कार्यों जैसे गृहकर, नामांतरण, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र आदि बनवाने में महीनों लगने से जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सपा नेताओं ने कहा कि इन जनसमस्याओं को लेकर पार्टी जनता के बीच जनजागरण अभियान चलाएगी। इस दाैरान इंद्रजीत शर्मा, बैजनाथ यादव, सोनू चौहान, आरती यादव, सभासद पारस यादव, सभासद संजय दत्त, सभासद अमित खरवार, अमरेश यादव, प्रेम तिवारी माैजूद रहे।