पीडीडीयू नगर। इंडीयन इंस्टीट्यूट मैदान पर नगीना सपोर्टिंग क्लब के बैनर तले चल रहे फुटबाल टूर्नामेंट का फाइनल मैच शनिवार को लोको स्पोर्टिंग क्लब व इस्लामपुर स्पोर्टिंग क्लब के बीच खेला गया। फाइनल के कड़े मुकाबले में इस्लामपुर स्पोर्टिंग क्लब एक गोल से विजयी रहा। मुख्य अतिथि अल्पसंख्यक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष औसाफ अहमद सिद्दीकी ने विजेता व उपविजेता टीम को ट्राफी प्रदान की।
मुख्य अतिथि ने कहा कि खेल से जहां शरीर का विकास होता है। वहीं इससे मनोरंजन के साथ प्रेम की भावना विकसित होती है। कहा कि जीत और हार जिंदगी का अहम हिस्सा है। आज जीतने वाला कल हार और आज हारने वाला कल जीत भी सकता है। विजेता खिलाड़ियों को और कड़ी मेहनत कर आगे की मंजिल को छूने की कोशिश करनी चाहिए। वहीं जीत से वंचित खिलाड़ियों को ज्यादा अभ्यास कर हाथ से खोई हुई जीत को पाने के लिए संकल्प लेना चाहिए। इसके पूर्व हुए फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों ने जोरदार खेल का प्रदर्शन किया। हाफटाइम तक खेल बराबरी का रहा। दूसरे हाफ में भी दोनों टीम के खिलाड़ी गोल करने का प्रयास करते रहे पर सफलता खेल के 50वें मिनट में इस्लामपुर को मिली। इस मौके पर शाहित तौसीफ, नसीम खान, जावेद गुड्डू, अनवर सादात, इरशाद अंसारी, कौसेन अंसारी, छोटू, चंदन, एहतेशाम उल हक, मो.अरमान, मृत्युंजय, इम्तियाज आदि मौजूद रहे।