मतदाता सूची में नाम गायब होने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंच कर डीएम संजीव सिंह से शिकायत की। तथ्यों को जानने के लिए डीएम ने सदर एसडीएम को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। जांच शुरू भी हो गई।
मतदाता सूची में नाम शामिल करने और काटने की बात करते हुए मुख्यालय से सटे एक गांव के प्रधानपति व तहसील में तैनात सफाईकर्मचारी का आडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। । सोमवार की सुबह जिला पंचायत सदस्य संजय सिंह बबलू और सपा नेता अशोक त्रिपाठी छोटू गुरु के नेतृत्व में दर्जनों की संख्या में जसूरी व अन्य गांवों के ग्रामीण तहसील पहुंचे। यहां एसडीएम से शिकायत की लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर जिलाधिकारी संजीव सिंह से मिलकर शिकायत की। आरोप लगाया कि बीएलओ से मिलीभगत कर गांव में दर्जनों लोगों के नाम सूची से कटवा दिए गए। यह सिर्फ एक गांव का मामला नहीं है, बल्कि सदर तहसील के कई गांवों में इस तरह की शिकायतें मिली हैं। लोगों को मृतक अथवा शिफ्टेड बताकर सूची से नाम हटाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने सदर एसडीएम को जांच कर रिपोर्ट देने की जिम्मेदारी सौंपी है।