विधानसभा चुनाव को देखते हुए एसडीएम अजय मिश्रा और सीओ अनिरूद्ध सिंह ने शनिवार को आबकारी विभाग के कर्मियों के साथ क्षेत्र के आधा दर्जन शराब की दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान स्टॉक और बार कोड का मिलान करने के साथ कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने का निर्देश दिया। चेताया कि किसी प्रकार की अवैध शराब पाए जाने पर दुकान संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएम के निर्देश पर एसडीएम व सीओ ने आबकारी इंस्पेकटर गौरव सिंह के साथ संयुक्त टीम बनाकर सकलडीहा, पपौरा, चहनिया सहित क्षेत्र के आधा दर्जन अंग्रेजीव देसी शराब और बीयर दुकानों की जांच की। इस दौरान टीम के सदस्यों ने दुकानों में रखा स्टॉक, बार कोड और बिक्री का मिलान किया। उन्होंने शराब की दुकानों पर बिक रही शीशी की बार कोडिंग का आबकारी एप से मिलान किया। दुकानों के आसपास के चखना दुकानदारों को चेताया कि कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन होने व सौ मीटर के अंदर दुकान का संचालन करने पर दुकानदारों पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। संयुक्त टीम की छापेमारी से शराब के दुकान संचालकों और चखना के दुकानदारों में खलबली मची रही।